बद्दी पुलिस स्पेशल सेल की बड़ी सफलता,4 किलो गांजे के साथ युवक गिरफ्तार!

सोलन : बद्दी पुलिस द्वारा अवैध नशा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की गई है। पुलिस की स्पेशल सेल-एक्स की टीम ने न्यू सब्जी मंडी, बद्दी के पास हरि मोहन फैमिली ढाबा के बाहर सड़क किनारे खड़े एक युवक को संदिग्ध अवस्था में काबू किया। गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जब टीम ने युवक की तलाशी ली, तो उसके पास मौजूद एक पिट्ठू बैग से 4.048 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान पियूष कुमार खरवार (पुत्र रमेश चन्द्र खरवार) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के जिला बलिया की तहसील व थाना चिट बड़ागांव क्षेत्र के पटेल नगर का निवासी है। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को नियमानुसार कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना बद्दी में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसे गिरफ्तार कर आगामी पूछताछ शुरू कर दी है।

बद्दी पुलिस प्रशासन ने इस मामले पर कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि औद्योगिक क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। नशा तस्करी में शामिल किसी भी आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस का यह विशेष चेकिंग अभियान आगे भी इसी तरह पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।