सोलन: कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, सनवारा के खेल परिसर में बुधवार को प्रतिष्ठित CBSE नेशनल वॉलीबॉल बॉयज़ टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। 30 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक चलने वाली इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश-विदेश के खिलाड़ियों का जमावड़ा लगा है।
इस टूर्नामेंट में भारत के अलग-अलग राज्यों के 60 सीबीएसई संबद्ध स्कूलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसके अलावा 9 अंतरराष्ट्रीय टीमों के भी शामिल होने से प्रतियोगिता का रोमांच कई गुना बढ़ गया है।

सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक पुष्कर वोहरा ने किया उद्घाटन
प्रतियोगिता का उद्घाटन सीबीएसई के सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक पुष्कर वोहरा ने ध्वजारोहण के साथ किया। इस मौके पर उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलने का संदेश दिया। कार्यक्रम में अभिषेक उपाध्याय भी विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह के बाद सभी प्रतिभागी टीमों ने अपने-अपने स्कूलों के ध्वज के साथ एक शानदार मार्च-पास्ट निकाला।
मेजबान KIPS और दिल्ली के लक्ष्मी पब्लिक स्कूल ने जीते पहले मुकाबले
टूर्नामेंट के पहले दिन खेले गए मुकाबलों में मेजबान कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल (KIPS) ने अंडर-17 वर्ग में शानदार शुरुआत करते हुए कोचीन रिफाइनरीज स्कूल को मात दी। वहीं, अंडर-19 वर्ग के एक अहम मुकाबले में दिल्ली के लक्ष्मी पब्लिक स्कूल ने आर.पी.एस. महेंद्रगढ़ को हराकर जीत दर्ज की।

1000 से ज्यादा खिलाड़ी और कोच पहुंचे सनवारा
विद्यालय के सीईओ डॉ. संजीव मैनरा ने बताया कि इस बड़े टूर्नामेंट में 69 टीमें भाग ले रही हैं, जिसके लिए 1,000 से ज्यादा खिलाड़ी और कोच सनवारा पहुंच चुके हैं।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक हीरा ठाकुर ने इस आयोजन को पूरे हिमाचल के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय टीमों के शामिल होने से स्थानीय बच्चों को विश्वस्तरीय खेल तकनीक और रणनीतियां सीखने का बेहतरीन मौका मिलेगा।
लीग-कम-नॉकआउट आधार पर खेले जाएंगे मैच, 3 नवंबर को होगा फाइनल
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम ठाकुर ने जानकारी दी कि टूर्नामेंट के सभी मुकाबले अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में लीग-कम-नॉकआउट आधार पर खेले जाएंगे। आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए सभी मैचों का लाइव प्रसारण किया जा रहा है और स्कोरिंग भी पूरी तरह से डिजिटल रखी गई है। इस शानदार प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला और समापन समारोह 3 नवंबर को आयोजित किया जाएगा।