बेटी ज्योति की जान बचाने के लिए सोलन में चैरिटी रन, सड़कों पर उतरा ये खिलाड़ी

Photo of author

By Hills Post

सोलन: आज इंसानियत और एकजुटता की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली। सिरमौर की मासूम बेटी ज्योति की जान बचाने के लिए ऐतिहासिक मां शूलिनी मंदिर में माथा टेकने और मां का आशीर्वाद लेने के बाद, अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट वीरेंद्र सिंह ने सोलन शहर से एक ऐतिहासिक चैरिटी रन का शंखनाद किया है।

सिरमौर कल्याण मंच सोलन के विशेष सहयोग से शुरू हुई इस भावुक और परोपकारी मुहीम में आज खुद पीड़ित बेटी ज्योति के माता-पिता भी एथलीट वीरेंद्र सिंह के साथ सोलन की सड़कों पर उतरे। दरअसल, ज्योति ने गलती से बैटरी का तेजाब (एसिड) पी लिया था, जिसके कारण उसके गले और भोजन नली में बेहद गंभीर इंफेक्शन हो गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, उसके इलाज के लिए करीब 15 से 20 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि की जरूरत है। इसी फंड को जुटाने के लिए आज पूरा सोलन शहर एक साथ खड़ा नजर आया।

बाजारों में घूमे वीरेंद्र सिंह, लोगों से की मदद की अपील

अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट वीरेंद्र सिंह आज दिनभर सोलन के विभिन्न बाजारों और मुख्य मार्गों पर घूमे और स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों व राहगीरों से ज्योति के इलाज के लिए स्वेच्छा से सहायता राशि जुटाने की अपील की। इस दौरान लोगों ने भी खुले दिल से अपना योगदान दिया। मंच और स्थानीय जनता ने पूरे हिमाचल प्रदेश के वासियों से अपील की है कि वे इंसानियत के इस बड़े फर्ज को निभाएं और ज्योति को एक नई जिंदगी देने में भागीदार बनें। दुआओं और दाताओं के इस संगम को देखकर उम्मीद जागी है कि ज्योति जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौटेगी।

मंच के पदाधिकारियों ने संभाला मोर्चा

सिरमौर कल्याण मंच के प्रधान प्रदीप मंमगाई ने समाज के हर वर्ग, सामाजिक संस्थाओं और आम जनता से इस मुहीम में बढ़-चढ़कर वित्तीय सहयोग करने की पुरजोर अपील की है।

इस नेक और मानवीय कार्य के शुभारंभ के मौके पर सिरमौर कल्याण मंच के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. एस.एस. परमार, महासचिव यशपाल कपूर, मंच के सक्रिय सदस्य इंजीनियर विपुल कश्यप, कमल सिंह कमल, एल.आर. दहिया, उमेश कमल, मनोज पुंडीर, कमल चौहान, जयचंद शर्मा सहित कई अन्य गणमान्य लोग और संस्था के सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे और लोगों को इस मुहिम से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।