नाहन : पुलिस थाना माजरा के तहत अजीवाला कॉलोनी में पुरानी कहासुनी को लेकर एक महिला के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अजीवाला कॉलोनी (डाकघर जामनीवाला, तहसील पांवटा साहिब) निवासी जरीना पत्नी प्रवीण कुमार ने माजरा थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में जरीना ने बताया कि 13 सितंबर की रात उसकी देवरानी गंगा देवी के बेटे और कार्तिक के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इस विवाद को निपटाने के लिए अगले दिन 14 सितंबर की सुबह पंचायत बुलाई गई थी।

पीड़िता का आरोप है कि सुबह करीब 11 बजे जब वह पंचायत खत्म होने के बाद खेतों के रास्ते अपने घर लौट रही थी, तो घर के समीप राणा, आशिक, सोनू, आमीर खान, बबलू, पूजा, रुखसाना, रुबीना और रुबी ने उसका रास्ता रोक लिया। इन सभी ने मिलकर उसके साथ लात-मुक्कों से जमकर मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस थाना माजरा में सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण करवाया जा रहा है और मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई व तफ्तीश जारी है।