मेले, उत्सव एवं त्यौहार हमारी सभ्यता के परिचायक- डॉ. शांडिल

Photo of author

By Hills Post

सोलन: हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने रविवार को कंडाघाट उपमंडल की ग्राम पंचायत छावशा के डुमैहर-आंजी गांव में दो दिवसीय श्री ब्रिजेश्वर मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने मेला मैदान में आठ लाख रुपये की लागत से निर्मित मंच और भंडारण कक्ष का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि मेले, उत्सव और त्योहार हमारी समृद्ध सभ्यता के परिचायक हैं।

युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों से जुड़ने का आह्वान

जनसभा को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मेले और त्योहार जहां आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में मनोरंजन का बेहतरीन माध्यम भी हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों से मेलों की इस परंपरा को संजोए रखने का आग्रह किया, ताकि लोक संस्कृति को बढ़ावा मिल सके और आने वाली पीढ़ी अपनी विरासत से परिचित हो सके।

युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए डॉ. शांडिल ने कहा कि युवा शक्ति देश और समाज की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्हें अपनी ऊर्जा का सही इस्तेमाल खेलकूद, सामाजिक कार्यों और रचनात्मक गतिविधियों में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में मदद करते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना भी जगाते हैं।

सड़क निर्माण के लिए 2 लाख की घोषणा, सुनीं जन समस्याएं

इस अवसर पर डॉ. शांडिल ने बखेला से नेरी सड़क के निर्माण के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने आश्वस्त किया कि ग्राम पंचायत की सभी मांगों को चरणबद्ध तरीके से जल्द पूरा किया जाएगा और सोलन विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही उनके समाधान के निर्देश दिए। मेले में स्थानीय स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए और पारंपरिक कुश्ती का आयोजन भी आकर्षण का केंद्र रहा।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव रमेश ठाकुर, ग्राम पंचायत छावशा के प्रधान ज्ञानचंद, वाकना पंचायत की प्रधान प्रीती, बीडीसी सदस्य अजनेश कुमारी, छावशा के उप प्रधान कार्तिक ठाकुर, मेला समिति के प्रधान रणजीत सिंह और उप प्रधान राजेंद्र वर्मा मौजूद रहे। इनके अलावा खंड विकास अधिकारी कंडाघाट ओम प्रकाश शर्मा, नायब तहसीलदार ममलीग सुरेंद्र चंदेल, खंड चिकित्सा अधिकारी सायरी डॉ. अजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।

error: Not Allowed