शिलाई: सिरमौर जिला के विकासखंड शिलाई की ग्राम पंचायत डाहर में चूड़ेश्वर लीजेंड स्पोर्ट्स एवं सोशल ऑर्गेनाइजेशन तथा नव प्रभात नवयुवक संघ के संयुक्त तत्वावधान में एकदिवसीय पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत पंचायत क्षेत्र में स्थानीय युवाओं की भागीदारी से देवदार के सैकड़ों पौधे रोपे गए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत डाहर के प्रधान विलम सिंह छाजटा ने की। उन्होंने युवाओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में जब युवा पीढ़ी नशे की चपेट में आकर पथभ्रष्ट हो रही है, ऐसे में उन्हें पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना बेहद सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एक वैश्विक विषय है और युवा शक्ति के सहयोग से ही इसे गति दी जा सकती है।
चूड़ेश्वर लीजेंड स्पोर्ट्स एवं सोशल ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष संदीप ठाकुर ने बताया कि उनकी संस्था खेल गतिविधियों के साथ-साथ प्रतिवर्ष पौधारोपण का आयोजन करती है, ताकि युवाओं को सामाजिक सरोकारों और क्षेत्र के विकास से जोड़ा जा सके। संस्था के संस्थापक राजेंद्र छाजटा ने वनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि घने जंगल पृथ्वी के संतुलन, ऑक्सीजन की आपूर्ति और कार्बन डाइऑक्साइड को नियंत्रित करने का आधार हैं। उन्होंने घटते वन क्षेत्र पर चिंता जताते हुए सभी वर्गों से पौधारोपण में भाग लेने का आह्वान किया।
इस पौधारोपण कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सदस्य मनोज दारटा, नवयुवक मंडल के प्रधान वीरू ठाकुर, सहसचिव श्याम सिंह छाजटा, कोषाध्यक्ष दिनेश जिंटा सहित दर्जनों युवाओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया।