राजगढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी! सोलन से सिरमौर आ रही अवैध शराब की 140 पेटियां ज़ब्त

नाहन : जिला सिरमौर में अवैध नशे और तस्करी के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत राजगढ़ पुलिस को एक बहुत बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। थाना राजगढ़ के अंतर्गत यशवन्तनगर पुलिस चौकी की टीम ने नेरी पुल के पास नाकेबंदी के दौरान एक पिकअप गाड़ी से अवैध शराब की 140 पेटियां बरामद की हैं। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर गाड़ी और शराब की खेप को अपने कब्ज़े में ले लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, बीते कल (18 मई ) की रात को प्रभारी पुलिस चौकी यशवन्तनगर (थाना राजगढ़) की टीम क्षेत्र में गश्त और सुराग रसीदगी पर मुस्तैद थी। इसी दौरान पुलिस को एक गुप्त सूत्र (मुखबिर) से पुख्ता सूचना मिली कि संदीप वर्मा नामक व्यक्ति सोलन की तरफ से अपनी पिकअप गाड़ी (नंबर HP 62 4944) में अवैध शराब की एक बड़ी खेप लेकर नेरी पुल की तरफ आ रहा है।

सूचना में यह भी बताया गया कि उक्त गाड़ी कुछ ही समय में ‘ठाकुर ढाबा’ (नेरी) के पास पहुंचने वाली है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए त्वरित कार्रवाई की और बताए गए स्थान पर नाकेबंदी कर दी।

जैसे ही वह पिकअप गाड़ी मौके पर पहुंची, पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया। तलाशी लेने पर गाड़ी के भीतर भारी मात्रा में अवैध शराब छुपाई गई थी। जब पुलिस ने पेटियों की गिनती की, तो गाड़ी से देसी शराब (मार्का संतरा नंबर 1) कुल 50 पेटियां और
अंग्रेजी शराब (मार्का रॉयल स्टैग) कुल 90 पेटियां बरामद की गईं।

जब पुलिस टीम ने चालक से इस शराब को ले जाने के संदर्भ में वैध दस्तावेज़, लाइसेंस या परमिट मांगा, तो वह कोई भी कागज़ात पेश नहीं कर सका। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया, जिसकी पहचान संदीप वर्मा (उम्र 30 वर्ष), निवासी गांव बजोग, डाकघर टाली भूज्जल, तहसील राजगढ़, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।

इस मामले के संदर्भ में पुलिस थाना राजगढ़ में आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम (HP Excise Act) की धारा 39(i)(a) के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।