शिमला: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय दीपकमल शिमला में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर बेरोजगारी, महंगाई, बढ़ते टैक्स, भारी कर्ज और ठप पड़े विकास कार्यों को लेकर जोरदार हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि 2022 के विधानसभा चुनावों में युवाओं को एक लाख सरकारी नौकरियां और पांच लाख रोजगार देने का वादा करने वाली सरकार आज अपने कार्यकाल के चौथे वर्ष में पहुंचने के बावजूद युवाओं को केवल निराशा दे रही है।

डॉ. बिंदल ने सरकार के पेपर लीक न होने के दावे पर तंज कसते हुए कहा कि जब भर्तियां हो ही नहीं रहीं और परीक्षाएं आयोजित ही नहीं की जा रहीं, तो पेपर लीक कहां से होगा। उन्होंने बिना लिखित परीक्षा और बिना इंटरव्यू के बैकडोर से की गई भर्तियों पर सवाल उठाते हुए इनकी निष्पक्ष जांच और पूरी पारदर्शिता की मांग की।
उन्होंने कहा कि सरकार ने आम नागरिक की आय बढ़ाने के बजाय खर्चों का बोझ कई गुना बढ़ा दिया है। पेट्रोल और डीजल पर नया 60 पैसे प्रति लीटर सेस लगाने से जनता पर अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ा है। इसके साथ ही सीमेंट, स्टांप ड्यूटी, डिपुओं के राशन, बिजली और पानी की दरों में बढ़ोतरी ने मध्यम व गरीब वर्ग की कमर तोड़ दी है। हिमकेयर योजना के प्रभावित होने से स्वास्थ्य सेवाओं पर भी असर पड़ा है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब विकास कार्य ठप हैं और कर्मचारियों के एरियर व पेंशनरों की देनदारियां रुकी हुई हैं, तो सरकार द्वारा लिया गया हजारों करोड़ का कर्ज आखिर कहां खर्च हुआ।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर कांग्रेस नेताओं के बयानों का जवाब देते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि संघ राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और निस्वार्थ सेवा की पाठशाला है। कांग्रेस अपनी प्रशासनिक विफलताओं और बेरोजगारी के मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए ऐसे अनर्गल आरोप लगा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शिक्षक या कर्मचारी को विचारधारा के आधार पर निशाना बनाना पूरी तरह अनुचित है और भाजपा इसका कड़ा विरोध करेगी। आगामी मानसून सत्र में भाजपा विधायक दल इन सभी जनविरोधी नीतियों को सदन के भीतर और बाहर प्रमुखता से उठाएगा।