मंडी को मिलीं 25 नई इलेक्ट्रिक बसें, सीएम बोले 5 साल में आत्मनिर्भर बनेगा HRTC

Photo of author

By Hills Post

शिमला: हिमाचल प्रदेश में स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मंडी जिले के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की 25 नई टाइप-1 इलेक्ट्रिक बस सेवाओं का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। इन बसों को मंडी के पड्डल मैदान से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने एचआरटीसी के बेड़े के विस्तार के लिए 297 नई टाइप-1 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद की है। ये बसें वर्तमान में शिमला, नाहन, नालागढ़, ऊना, हरोली, बिलासपुर, देहरा, हमीरपुर, पालमपुर, धर्मशाला और नगरोटा में सफलतापूर्वक चलाई जा रही हैं। इसके साथ ही कुल्लू, मंडी और सुंदरनगर में आवश्यक चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर ई-बस सेवाओं का संचालन शुरू कर दिया गया है।

इलेक्ट्रिक बसों की तकनीकी क्षमता और प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 80 प्रतिशत चार्जिंग पर इनकी निर्धारित रेंज लगभग 180 किलोमीटर है, जबकि परिचालन में शिमला-चंडीगढ़ मार्ग पर एक बार चार्ज करने पर इन बसों ने लगभग 270 किलोमीटर की दूरी सफलतापूर्वक तय की है। पहाड़ी व चुनौतीपूर्ण मार्गों पर यह प्रदर्शन बेहद उत्साहजनक है। इसके अलावा, पारंपरिक डीजल बसों की तुलना में ई-बसों के संचालन से ऊर्जा लागत में प्रति किलोमीटर लगभग 12 से 13 रुपये की बचत हो रही है।

सुक्खू ने कहा कि सरकार एचआरटीसी को प्रतिवर्ष 840 करोड़ रुपये का अनुदान उपलब्ध करा रही है और लक्ष्य अगले पाँच वर्षों में निगम को पूरी तरह आत्मनिर्भर बनाने का है। ग्रीन हिमाचल की परिकल्पना को साकार करने के लिए भविष्य में 1,000 नई इलेक्ट्रिक बसें और 200 हाइड्रोजन बसें भी खरीदी जाएंगी। इस अवसर पर शिमला में अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार चन्द शर्मा और एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक शिवम प्रताप सिंह उपस्थित रहे।

वहीं, मंडी में एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, एपीएमसी अध्यक्ष संजीव गुलेरिया, जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा और जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष चंपा ठाकुर सहित कई गणमान्य व्यक्ति वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।