शराब के नशे में युवक ने दोस्तों पर किया चाकू और बोतल से हमला, एक गंभीर रूप से घायल

Photo of author

By Hills Post

सोलन: शहर के करोल कॉलोनी, बसाल में शराब के नशे में कहासुनी के बाद दोस्तों के बीच खूनी संघर्ष का गंभीर मामला सामने आया है। विवाद के दौरान एक युवक ने अपने ही दो साथियों पर कांच की बोतल और शेफ चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पेट में चाकू लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को चंबाघाट से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस थाना सदर सोलन में दर्ज शिकायत के अनुसार, शिमला जिले के चिड़गांव निवासी 18 वर्षीय सारांश तेजवान ने बताया कि वह और उसके गांव का मयंक पिछले तीन माह से करोल कॉलोनी में किराए के कमरे में रह रहे हैं। रात करीब 11:00 बजे रोहड़ू निवासी निखिल शराब की बोतल लेकर कमरे पर आया। शराब पीने के दौरान निखिल और मयंक के बीच स्थानीय देवता से जुड़ी किसी बात पर बहस छिड़ गई, जो जल्द ही हिंसक रूप में तब्दील हो गई।

बीच-बचाव करने पहुंचे सारांश के सिर पर निखिल ने शराब की टूटी हुई बोतल से वार कर दिया। इसके बाद निखिल और मयंक लड़ते हुए बाथरूम में चले गए, जहाँ निखिल ने शेफ चाकू से मयंक पर ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए। मदद मांगने निकले सारांश के कंधे पर भी निखिल ने दो बार चाकू से वार किया। गंभीर रूप से घायल मयंक के पेट में गहरा घाव होने के कारण उसे क्षेत्रीय अस्पताल सोलन से तुरंत आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया, जहाँ उसका उपचार जारी है।

घटना के बाद पुलिस थाना सदर सोलन ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज तथा तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी निखिल संजटा आयु 19 वर्ष, निवासी दिस्वानी, डाकघर कलोटी, तहसील चिड़गांव, शिमला को चंबाघाट से धर दबोचा। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है और उसे आज न्यायालय में पेश किया गया। मामले की आगामी जांच जारी है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।