राष्ट्रीय शूलिनी मेला 2026 संपन्न: स्वास्थ्य मंत्री शांडिल ने दी सफल आयोजन की बधाई

Photo of author

By Hills Post

सोलन: ऐतिहासिक और राष्ट्रीय स्तर के मां शूलिनी मेले के सफल समापन पर प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने सभी सरकारी विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सोलन के निवासियों को बधाई दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सभी वर्ग इसी तरह आपसी तालमेल से ऐसे बड़े आयोजनों को कामयाब बनाने में अपना सहयोग देते रहेंगे।

डॉ. शांडिल ने कहा कि मां शूलिनी मेला सिर्फ एक धार्मिक उत्सव नहीं है, बल्कि यह हमारी सामाजिक समरसता, आपसी सौहार्द और भाईचारे का एक जीवंत उदाहरण है। उन्होंने जिक्र किया कि मेले के दौरान मां शूलिनी की भव्य शोभायात्रा में लाखों की संख्या में श्रद्धालु शीश नवाने पहुंचते हैं। इसके साथ ही सोलन शहर में जगह-जगह आयोजित होने वाले विशाल भंडारे इस उत्सव को पूरे देश में अनोखा और विशिष्ट बनाते हैं। तीन दिनों तक चलने वाली सांस्कृतिक संध्याएं, विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं और प्रदर्शनियां लोगों के ज्ञानवर्धन और मनोरंजन का बड़ा जरिया बनती हैं।

ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन की जमकर हुई तारीफ

स्वास्थ्य मंत्री ने इस भव्य आयोजन की सफलता का श्रेय जिला प्रशासन, स्वयंसेवी संस्थाओं और विशेष रूप से ग्राउंड पर तैनात वालंटियर्स के बेहतर तालमेल को दिया। उन्होंने कहा कि इस साल जहां जिला प्रशासन ने सभी व्यवस्थाओं का शानदार प्रबंधन किया, वहीं भंडारा लगाने वाली संस्थाओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की टीम और खेलकूद समितियों के बीच बेहतरीन सामंजस्य देखने को मिला।

डॉ. शांडिल ने विशेष तौर पर सफाई व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि इतने बड़े आयोजन में स्वच्छता बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती होती है, जिसे नगर निगम सोलन के सफाई कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा के साथ निभाया। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य के लिए सभी सफाई कर्मियों को बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने भीड़ और यातायात को सुचारू रखने के लिए पुलिस प्रशासन, आपदा मित्रों, एनसीसी (NCC) कैडेटों और एनएसएस (NSS) कार्यकर्ताओं के कुशल प्रबंधन की भी जमकर पीठ थपथपाई।

अंत में स्वास्थ्य मंत्री ने सोलन के निवासियों सहित मेले में पहुंचे शिमला और सिरमौर जिलों के लोगों, प्रदेश के अन्य हिस्सों से आए आगंतुकों, देश के विभिन्न राज्यों से आए पर्यटकों और सभी कलाकारों का दिल से आभार व्यक्त किया।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।