शिलाई का युवक 11.54 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार, पांवटा साहिब में SIU ने दबोचा

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिरमौर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसआईयू नाहन की पुलिस टीम ने गश्त के दौरान पांवटा साहिब क्षेत्र से 11.54 ग्राम मादक पदार्थ चिट्टा (हैरोइन) बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, आज एसआईयू नाहन की पुलिस टीम मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि नक्ष चौहान नामक व्यक्ति, जो गांव उत्तरी (डाकघर व तहसील शिलाई, जिला सिरमौर) का रहने वाला है, शिलाई और पांवटा साहिब के आसपास काफी समय से चिट्टा और स्मैक बेचने का अवैध धंधा कर रहा है। सूचना में यह भी बताया गया कि आरोपी उस समय राम मंदिर के गेट के सामने, यमुना पुल कुल्हाल (पांवटा साहिब) के पास खड़ा है।

सूचना की पुख्ता जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से कुल 11.54 ग्राम मादक पदार्थ चिट्टा/हैरोइन बरामद किया गया। पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस टीम द्वारा मामले में आगामी जांच जारी है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।