शिलाई क्षेत्र में शोक की लहर: नैनीधार के व्यक्ति की पगडंडी पर गिरने से मौत

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : पुलिस थाना शिलाई के अंतर्गत नैनीधार गांव के 57 वर्षीय व्यक्ति की पगडंडी से नीचे गिरने के कारण मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान जगत सिंह पुत्र स्व. बेसु राम, निवासी गांव व डाकघर नैनीधार, तहसील शिलाई के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CH) शिलाई के चिकित्सा अधिकारी ने पुलिस थाना शिलाई को एक व्यक्ति को मृत अवस्था में अस्पताल लाए जाने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। अस्पताल के शवगृह में मौजूद मृतक के भाई लाल सिंह और भतीजे विनोद कुमार ने शव की शिनाख्त की।

मृतक के शरीर और सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। भतीजे विनोद कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सुबह करीब 6 बजे जब वे घास लेने के लिए जंगल की ओर जा रहे थे, तो पगडंडी पर उनके चाचा जगत सिंह सिर के बल गिरे हुए मिले। उस समय उनके सिर पर गंभीर चोट लगी थी और वे बातचीत करने की स्थिति में नहीं थे। परिजन उन्हें तुरंत उपचार के लिए सीएचसी शिलाई लेकर आए, जहां तैनात डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस द्वारा शव का निरीक्षण करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों ने इस संदर्भ में किसी भी व्यक्ति पर कोई संदेह व्यक्त नहीं किया है तथा मृत्यु का कारण पगडंडी से गिरना ही बताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।