शिलाई: जहाँ से पढ़े, वहीं काटा फीता; कर्नल जे.एस. चौहान ने हल्लां स्कूल में किया NCC ट्रूप का शुभारंभ

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : शहीद कल्याण सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, हल्लां में राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) की Half Troop का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस विशेष कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 1 HP NCC बटालियन नाहन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जे. एस. चौहान रहे, जिन्होंने फीता काटकर एवं औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर ट्रूप का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जे. एस. चौहान ने पूरे विद्यालय परिवार और क्षेत्र के लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में आत्मविश्वास, राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सामाजिक दायित्व की भावना को जागृत करने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों तथा पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे एनसीसी की गतिविधियों को सुचारू रूप से चलाने और बच्चों को इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित करने हेतु अपना निरंतर सहयोग बनाए रखें।

यह अवसर कर्नल जे. एस. चौहान के लिए अत्यंत भावुक और यादगार क्षण रहा, क्योंकि उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा इसी विद्यालय से प्राप्त की थी। लगभग चार दशक (40 वर्ष) के लंबे अंतराल के बाद उसी विद्यालय प्रांगण में बतौर कमांडिंग ऑफिसर लौटकर एनसीसी ट्रूप की शुरुआत करना उनके लिए गर्व और परम संतोष का विषय रहा। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे एनसीसी द्वारा प्रदान किए जा रहे अवसरों का पूरा लाभ उठाएं और निष्ठावान विद्यार्थी, अनुशासित कैडेट तथा देश के जिम्मेदार नागरिक बनकर उभरें।

एनसीसी ट्रूप के सफल शुभारंभ पर विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों एवं स्थानीय निवासियों ने कर्नल जे. एस. चौहान तथा 1 HP NCC बटालियन नाहन का धन्यवाद व्यक्त किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के इस विद्यालय में एनसीसी इकाई की स्थापना से विद्यार्थियों को अपने सर्वांगीण विकास के लिए एक बेहतरीन मंच प्राप्त होगा। इससे छात्रों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, देशभक्ति, शारीरिक दक्षता, समाज सेवा तथा व्यक्तित्व विकास के गुणों का समावेश होगा। साथ ही, कैडेटों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के एनसीसी शिविरों और साहसिक गतिविधियों में भाग लेने के प्रत्यक्ष अवसर मिलेंगे।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षकवृंद, अभिभावक, विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के सदस्य तथा आसपास की तीनों ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।