शिलाई में ढाबे में जुआ खेलते 6 लोग रंगे हाथ काबू, नकद राशि जब्त

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर जिले के उपमंडल शिलाई में पुलिस ने अवैध जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुईनल स्थित एक ढाबे से 6 व्यक्तियों को ताश के पत्तों पर दांव लगाते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। पुलिस टीम ने मौके से ताश के पत्तों के साथ दांव पर लगी 4,300 रुपये की नकद राशि भी बरामद की है। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना शिलाई में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, बीते कल शिलाई पुलिस थाना की टीम क्षेत्र में गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि सुईनल में एक ढाबे/दुकान के कमरे के भीतर कुछ लोग ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए बताए गए स्थान पर दबिश दी और कमरे में मौजूद लोगों को जुआ खेलते हुए मौके पर ही धर दबोचा।

पुलिस द्वारा की गई पूछताछ और जांच में आरोपियों की पहचान कमलेश निवासी गांव पश्मी (डाकघर गवाली), नरेश निवासी गांव पश्मी (डाकघर गवाली), विनोद कुमार निवासी गांव व डाकघर टिम्बी, अजय निवासी गांव व डाकघर टिम्बी, कर्ण निवासी गांव बाली (डाकघर बाली कोटी) और प्रदीप कुमार निवासी गांव नायल (डाकघर शिरी क्यारी) के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी तहसील शिलाई के ही विभिन्न गांवों से ताल्लुक रखते हैं।

मौके की तलाशी लेने पर पुलिस ने ताश की गड्डी और दांव पर लगे कुल 4,300 रुपये नकद जब्त किए। पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में किसी भी तरह की गैर-कानूनी गतिविधियों और जुए-सट्टेबाज़ी को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल सभी छह आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।