शूलिनी मेले के डॉग शो में हिमेश जग्गी का गोल्डन रिट्रीवर बना चैंपियन ऑफ द शो

Photo of author

By Hills Post

सोलन: राष्ट्रीय मां शूलिनी मेले के पावन अवसर पर जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग के सौजन्य से एक शानदार श्वान प्रदर्शनी (डॉग शो) का आयोजन किया गया। इस डॉग शो में सोलन शहर और आस-पास के इलाकों से कुल 56 श्वानों ने भाग लेकर अपनी खूबियां दिखाई। पशुपालन विभाग के उप-निदेशक डॉ. वी.वी. लाम्बा ने बताया कि प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले डॉग्स को तीन मुख्य श्रेणियों बड़ी, मध्यम और छोटी नस्लों में बांटा गया था।

प्रतियोगिता के समापन पर अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सोलन राहुल जैन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और अपने कर कमलों से विजेता श्वान पालकों को नकद इनाम और ट्रॉफियां बांटीं। इस दौरान उन्होंने सभी पशु प्रेमियों से अपने पालतू श्वानों का नगर निगम सोलन में पंजीकरण करवाने की भी अपील की।

हिमेश जग्गी के डॉग ने जीती मुख्य ट्रॉफी

प्रदर्शनी में सबसे बड़ा आकर्षण चैंपियन ऑफ द शो का खिताब रहा, जो हिमेश जग्गी के ‘गोल्डन रिट्रीवर’ नस्ल के श्वान के नाम रहा। इस शानदार उपलब्धि के लिए उन्हें चमचमाती ट्रॉफी के साथ 5100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।

विभिन्न श्रेणियों के परिणाम में बड़ी नस्ल, हिमेश जग्गी का श्वान पहले, देवेंद्र दत्त का दूसरे और अभिषेक गुप्ता का श्वान तीसरे स्थान पर रहा। मध्यम नस्ल में कुमारी काशवी का श्वान प्रथम, रेनू जसवाल का द्वितीय और आर्यन का श्वान तीसरे स्थान पर रहा। जबकि छोटी नस्ल में संजीव का श्वान प्रथम, डॉ. ज्योति कौशिक का द्वितीय और यश का श्वान तीसरे स्थान पर रहा।

विजेताओं को मिले आकर्षक उपहार, मुफ्त टीकाकरण भी हुआ

प्रतियोगिता के तहत हर श्रेणी में पहला स्थान पाने वाले को 3100 रुपये, दूसरे को 2100 रुपये, तीसरे को 1100 रुपये और चौथे स्थान पर रहने वाले को 500 रुपये का सांत्वना पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा, प्रत्येक नस्ल के सर्वश्रेष्ठ श्वान को 1000 रुपये का नकद इनाम मिला। सभी विजेता श्वानों के मालिकों को स्मृति चिन्ह, प्रशंसा पत्र, ग्रूमिंग और सप्लीमेंट किट के खूबसूरत उपहार पैक भी भेंट किए गए।

पशुपालन विभाग की ओर से इस मौके पर अनोखी पहल करते हुए सभी प्रतिभागी श्वानों को एंटी-रेबीज के टीके मुफ्त में लगाए गए। कार्यक्रम स्थल पर श्वान प्रेमियों के लिए एक आकर्षक सेल्फी पॉइंट भी बनाया गया था, जहां लोगों ने अपने पालतू जानवरों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। साथ ही, बच्चों और डॉग लवर्स के लिए एक ज्ञानवर्धक क्विज (प्रश्नावली) प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें सही जवाब देने वालों को मौके पर ही गिफ्ट दिए गए।

इस सफल आयोजन के बाद सहायक निदेशक डॉ. अमित अत्री और डॉ. विजय कुमार पाठक ने कार्यक्रम को कामयाब बनाने के लिए जिला प्रशासन, विभाग के कर्मचारियों और सभी श्वान पालकों का दिल से आभार व्यक्त किया।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।