नाहन : जिला सिरमौर के उपमंडल संगड़ाह में पुलिस की सतर्कता से अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को एक और सफलता मिली है। पुलिस थाना संगड़ाह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के कब्जे से 5 लीटर अवैध देसी शराब बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पिछले कल जब पुलिस थाना संगड़ाह की एक टीम इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए नियमित गश्त पर तैनात थी। गश्त के दौरान जब पुलिस टीम लाडन मोड़ के समीप मौजूद थी, उसी समय पुलिस को गुप्त सूत्रों से सटीक सूचना प्राप्त हुई कि क्षेत्र का एक व्यक्ति अवैध शराब की तस्करी/बिक्री में संलिप्त है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध स्थान पर दबिश दी।

दबिश के दौरान पुलिस ने मौके पर मौजूद व्यक्ति बलवीर सिंह (निवासी गांव सतयाई, डाकघर लाना पालर, तहसील संगड़ाह, जिला सिरमौर) की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 5 लीटर नाजायज (अवैध) शराब बरामद की गई। आरोपी मौके पर शराब से संबंधित कोई वैध परमिट या लाइसेंस पेश नहीं कर सका, जिस पर पुलिस ने शराब को तुरंत अपने कब्जे में ले लिया।
एसपी सिरमौर निश्चित सिंह ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना संगड़ाह में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों और शराब की तस्करी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में आगामी छानबीन और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई जारी है।