नाहन : पच्छाद क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में 28 सितंबर 2026 को पुलिस थाना पच्छाद की टीम ने नया बस अड्डा सराहाँ में छापेमारी कर एक ढाबे से 20 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करने में सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार, पच्छाद पुलिस की टीम जब नए बस अड्डे सराहाँ के पास गश्त और सुरक्षा व्यवस्था के सिलसिले में मौजूद थी, तो उन्हें गुप्त सूचना मिली कि हेम राज नाम का एक नेपाली व्यक्ति अपने ढाबे की आड़ में अवैध रूप से शराब बेचने का काम कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए संबंधित ढाबे पर दबिश दी।

पुलिस टीम ने जब ढाबे की गहन तलाशी ली, तो वहां से कुल 20 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। ढाबा संचालक शराब की बिक्री से जुड़ा कोई भी वैध लाइसेंस या कागजात पेश नहीं कर सका।
एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने अवैध शराब को कब्जे में लेकर आरोपी ढाबा संचालक हेम राज के खिलाफ पुलिस थाना पच्छाद में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। मामले में आगे की कानूनी जांच जारी है।