नाहन : सिरमौर ज़िले में मादक पदार्थों और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विशेष अन्वेषण इकाई की पुलिस टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पावंटा साहिब क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए हरियाणा के एक नशा तस्कर को 4.14 ग्राम चिट्टे (स्मैक) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, बीते कल SIU की टीम इलाके में गश्त पर तैनात थी। सूरजपुर के पास गश्त के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि हरियाणा के खिजराबाद (यमुनानगर) का रहने वाला साकिर (पुत्र सुलेमान) लंबे समय से पावंटा साहिब और आसपास के इलाकों में चिट्टा बेचने का अवैध धंधा कर रहा है और आरोपी आज भी खिजराबाद से अपनी मोटरसाइकिल पर चिट्टे की खेप लेकर बातापुल चौक से पुरुवाला की तरफ आ रहा है।

सटीक गुप्त सूचना के आधार पर SIU टीम ने बिना समय गंवाए त्वरित कार्रवाई की और बताई गई जगह पर नाकेबंदी कर दी। जैसे ही आरोपी अपनी मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे रोककर उसकी व वाहन की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 4.14 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
मामले की पुष्टि करते हुए SP सिरमौर निश्चित सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पावंटा साहिब में नशीले पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह नशा कहां से लाया था और इलाके में किसे सप्लाई करने जा रहा था।