नाहन : सिरमौर जिले के उपमंडल पांवटा साहिब से एक बेहद गंभीर और निंदनीय घटना सामने आई है। यहां गुरुद्वारा साहिब परिसर के बाहर से एक नाबालिग बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाने और सुनसान इलाके में उसके साथ गलत हरकत करने का मामला दर्ज किया गया है।
यह मामला बीते कल (रक्षाबंधन) की शाम का है। पीड़िता की मां के मुताबिक, वह उस दिन काम के सिलसिले में विकासनगर (उत्तराखंड) गई हुई थी। शाम करीब सात बजे घर लौटने पर उसे पता चला कि उसकी बेटी और बेटा घर पर नहीं हैं। पति ने बताया कि दोनों पांवटा साहिब गुरुद्वारा में खाना खाने गए हैं।

रात लगभग 10 बजे केवल बेटा ही घर लौटा। अपनी बहन के बारे में पूछने पर उसने बताया कि वह गुरुद्वारा परिसर में ही थी, लेकिन अचानक कहीं लापता हो गई। इसके बाद परिजनों ने आनन-फानन में बच्ची की खोजबीन शुरू कर दी।
खोजबीन के दौरान यमुना बिहार क्षेत्र के खेड़ा मंदिर के पास खेतों से बच्ची के चिल्लाने और रोने की आवाजें सुनाई दीं। स्थानीय युवकों ने तुरंत वहां पहुंचकर बच्ची को संभाला। उसी दौरान मौके से एक संदिग्ध व्यक्ति भाग निकला, लेकिन उसकी मोटरसाइकिल वहीं छूट गई। स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची और उस मोटरसाइकिल को तुरंत पांवटा साहिब पुलिस स्टेशन पहुंचाया गया।
बच्ची ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि जब वह गुरुद्वारे के बाहर थी, तब एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे यह कहकर अपनी बाइक पर बिठाया कि वह उसे अपनी पत्नी से मिलाने ले जा रहा है। इसके बाद आरोपी उसे पांवटा अस्पताल मार्ग से होते हुए खेड़ा मंदिर के पास बने सुनसान खेतों में ले गया और वहां उसके साथ जबरदस्ती की।
SP सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पीड़िता की माता की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की उपयुक्त धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी छानबीन की जा रही है। पुलिस मौके से बरामद मोटरसाइकिल के आधार पर आरोपी की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।