नाहन : सिरमौर जिले के राजगढ़ उपमंडल के अंतर्गत आने वाले गांव कुडू लवाना में एक 29 वर्षीय युवक की कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से ही क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, युवक की तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजन उसे गंभीर अवस्था में उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक शराब पीने का आदी था। परिजनों के मुताबिक, 29 जुलाई को उसने अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन किया था। इसी दौरान उसने अपनी बाईं कलाई पर किसी नुकीली वस्तु से हल्के कट लगा लिए और कथित रूप से किसी जहरीले पदार्थ का भी सेवन कर लिया। देर रात हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। जांच अधिकारियों ने बताया कि मृतक की बाईं कलाई पर हल्के कट और बाईं टांग पर मामूली खरोंच के अलावा शरीर पर किसी अन्य गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं। परिजनों ने भी इस घटना में किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है।
पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डीएसपी राजगढ़ वी.सी. नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा, जिसके आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।