नाहन : पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने की अपनी वार्षिक प्रतिबद्धता को निभाते हुए रोटरी क्लब नाहन सिरमौर हिल्स द्वारा सैन्य क्षेत्र (आर्मी एरिया) में विशाल पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस विशेष अभियान के दौरान रोटरी क्लब की पर्यावरण समिति के चेयरमैन राजीव बंसल की देखरेख में लगभग 100 विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार और औषधीय पौधे रोपे गए।
रोटरी क्लब सिरमौर हिल्स द्वारा हर वर्ष इस तरह के पौधरोपण अभियानों का आयोजन नियमित रूप से किया जाता है। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण चेयरमैन राजीव बंसल ने बताया कि क्लब का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी उचित सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करना भी है, ताकि ये पौधे बड़े होकर क्षेत्र के पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बना सकें।

उल्लेखनीय है कि रोटरी क्लब सिरमौर हिल्स पिछले वर्षों में भी लगातार इस तरह के सराहनीय कार्य करता रहा है। बीते वर्ष की तरह इस वर्ष भी क्लब द्वारा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से क्षेत्र में तेजपात, पदम, चंपा, अकेशिया, रामबास, चंदन, गुलबहार, जारुल, विलौ, अमलतास और देवदार जैसी विभिन्न उपयोगी और दुर्लभ प्रजातियों के पौधे बड़े पैमाने पर लगाए गए थे।