सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन में वनस्पति विज्ञान विभाग एवं ईको क्लब द्वारा आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आज राष्ट्रीय वन्यजीव सप्ताह का भव्य शुभारंभ किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि सोलन के मंडल वन अधिकारी प्रदीप कुमार, ने विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वन्यजीव संरक्षण केवल पशु-पक्षियों की सुरक्षा तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह वनों, वनस्पतियों, जीव-जंतुओं, जैव विविधता और संपूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण से जुड़ा एक व्यापक विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति गहरी जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में शैक्षणिक संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में बोलते हुए DFO सोलन प्रदीप कुमार ने वन्यजीव संरक्षण विषय पर एक बेहद जानकारीपूर्ण और प्रेरक व्याख्यान दिया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश की समृद्ध जैव विविधता, वन्यजीवों के संरक्षण तथा आज प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र के समक्ष उत्पन्न हो रही विभिन्न चुनौतियों के बारे में विद्यार्थियों को विस्तार से अवगत करवाया। उन्होंने अपने बहुमूल्य क्षेत्रीय अनुभवों को साझा करते हुए छात्र-छात्राओं को प्रकृति एवं वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील बनने तथा उनके संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस कार्यक्रम के आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता, पारिस्थितिक संतुलन और प्राकृतिक आवासों के संवर्धन के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा। आपको बता दें कि राष्ट्रीय वन्यजीव सप्ताह 2 से 8 अक्टूबर 2026 तक मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत महाविद्यालय में इस दौरान विभिन्न प्रकार की जागरूकता एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।