सोलन: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन की ओर से विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत नौणी में जागरूकता कार्यक्रम और गैर-संचारी रोग (एनसीडी) जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को मधुमेह (डायबिटीज) की रोकथाम, समय पर इसकी पहचान, नियमित जांच और सही उपचार के प्रति जागरूक करना था। शिविर के दौरान लगभग 80 लोगों के रैंडम ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच की गई।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की स्वास्थ्य शिक्षिका पद्ममणि ने लोगों को मधुमेह के कारणों, लक्षणों, बचाव और नियंत्रण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मधुमेह एक नियंत्रित की जा सकने वाली बीमारी है। यदि समय रहते इसकी पहचान कर उचित उपचार शुरू कर दिया जाए और स्वस्थ जीवनशैली अपनाई जाए, तो इससे होने वाली गंभीर जटिलताओं से आसानी से बचा जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों को संतुलित और पौष्टिक आहार लेने, नियमित शारीरिक व्यायाम करने, वजन नियंत्रित रखने तथा चीनी व अधिक मीठे खाद्य पदार्थों का सेवन कम करने की सलाह दी।
इस अवसर पर बीसीसी कोऑर्डिनेटर राधा चौहान ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे गैर-संचारी रोग कार्यक्रम के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिर और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों जैसे विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित रूप से निःशुल्क जांच शिविर लगाए जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इन शिविरों में पहुंचकर अपनी नियमित जांच जरूर करवाएं, ताकि मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों की समय रहते पहचान हो सके। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से मधुमेह और उच्च रक्तचाप के इलाज के लिए जरूरी दवाइयां बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध करवाई जाती हैं।