सोलन पुलिस ने होटल में रेड मार कर महिला सहित 10 दबोचे

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला पुलिस सोलन की विशेष अन्वेषण इकाई की टीम ने शनिवार प्रातः एक गुप्त सूचना के आधार पर परवाणू के समीप चक्की मोड़ पर स्थित एक होटल में दबिश देकर एक बड़े जुआ रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और हिमाचल के रहने वाले एक महिला सहित कुल 10 हाई-प्रोफाइल जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

पुलिस टीम को पुख्ता इनपुट मिला था कि चक्की मोड़ के पास स्थित एक होटल के कमरे में कुछ बाहरी राज्यों के रईसजादे और अन्य लोग आधुनिक गैम्बलिंग कॉइन्स/चिप्स के माध्यम से मोटी धनराशि दांव पर लगाकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसआईयू सोलन की टीम ने त्वरित योजना तैयार कर होटल के चिन्हित कमरे में अचानक छापेमारी की। जैसे ही पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया, वहां अफरा-तफरी मच गई। कमरे के भीतर 1 महिला और 9 पुरुष बकायदा कैसिनो की तर्ज पर चिप्स और ताश के पत्तों पर नकद पैसा लगाकर अवैध रूप से जुआ खेल रहे थे।

पुलिस टीम ने जब जुए की फड़ और कमरे की गहन तलाशी ली, तो आरोपियों के कब्जे से ₹78,078/- (अठहत्तर हजार अठहत्तर रुपये) की नकदी। भारी मात्रा में ताश के पत्ते और दांव लगाने के लिए इस्तेमाल होने वाले रंग-बिरंगे गैम्बलिंग चिप्स व कॉइन्स बरामद हुए हैं। पुलिस ने बरामद राशि और तमाम उपकरणों को कानूनी प्रक्रिया के तहत सील कर अपने कब्जे में ले लिया है। इस बड़ी कार्रवाई के संदर्भ में पुलिस थाना परवाणू में सभी 10 आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत किया गया है।

पकड़े गए आरोपियों कंचन सिंह पुत्री श्री कृष्णा सिंह निवासी रोहिणी, दिल्ली, नवीन पुत्र स्वर्गीय श्री अशोक कुमार निवासी डेराबस्सी, जिला मोहाली (पंजाब), अनूप पुत्र श्री अजीत सिंह निवासी पटियाला (पंजाब), साहिल पुत्र श्री सुरेश कुमार निवासी जीरकपुर, जिला मोहाली (पंजाब), करण कुमार पुत्र श्री केवल कृष्ण निवासी मोहाली (पंजाब), मोहित मेहता पुत्र श्री आत्म प्रकाश निवासी जिला करनाल (हरियाणा), संजू राम पुत्र श्री कन्नू राम निवासी जिला पंचकूला (हरियाणा), तायडे गणेश पुत्र श्री बबन निवासी बुलढाणा (महाराष्ट्र), हाल निवासी पंचकूला, विक्रम सिंह पुत्र श्री पूर्ण सिंह निवासी देहरादून (उत्तराखंड) व मोहन सिंह पुत्र श्री अतर सिंह निवासी जिला सिरमौर (हिमाचल प्रदेश) शामिल हैं।

परवाणू पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की। इसके उपरांत, नई कानूनी व्यवस्था के तहत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(3) के अंतर्गत आरोपियों को कानूनी रूप से पाबंद किया गया है। सोलन पुलिस अब इस बात की भी बारीकी से पड़ताल कर रही है कि क्या इन आरोपियों का पहले भी कोई आपराधिक या जुआ खेलने का पुराना रिकॉर्ड रहा है। इसके साथ ही होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जा रही है कि क्या व्यावसायिक परिसर में इस तरह की अवैध गतिविधियों के लिए उन्होंने मूक सहमति दी थी। मामले में आगामी जांच लगातार जारी है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।