सोलन में दिनदहाड़े हुई चोरी का पर्दाफाश, मंडी और कुल्लू के दो शातिर चोर गिरफ्तार

Photo of author

By Hills Post

सोलन: सोलन पुलिस ने शहर में हुई एक बड़ी चोरी की गुत्थी को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए गहनों और सामान का बड़ा हिस्सा भी बरामद कर लिया है। पकड़े गए आरोपी मंडी और कुल्लू जिले के रहने वाले हैं।

चोरी की यह वारदात 18 अप्रैल 2026 को सोलन शहर के सदर थाना क्षेत्र में हुई थी। पीड़िता अंजली ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि जब वह और उनके परिवार के सदस्य अपने-अपने काम से बाहर गए थे, तब अज्ञात चोरों ने सूने घर का फायदा उठाकर ताले तोड़ दिए। दोपहर करीब 1:15 बजे जब अंजली घर लौटीं, तो सामान बिखरा हुआ था और अलमारी से करीब 1,50,000/- रुपये मूल्य के सोने-चाँदी के जेवरात और नकदी गायब थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना सोलन की टीम ने तुरंत जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों का सुराग लगाया और उनके ठिकाने की पहचान की।

पुलिस टीम ने 11 मई 2026 को दबिश देकर मंडी से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल (31 वर्ष) पुत्र श्री जीवन राम, निवासी सुधा मोहल्ला, शहर मंडी व मेहर चंद (30 वर्ष) पुत्र श्री उत्तम चाँद, निवासी दलशानी, तहसील भुंतर (कुल्लू) के रूप में हुई है ।

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से पुलिस ने उनका तीन दिन का रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान की गई प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस ने चोरी किए गए सामान में से लगभग 1,30,000/- रुपये मूल्य के गहने और अन्य सामान बरामद कर लिया है।

पुलिस अब आरोपियों से शेष बचे सामान की बरामदगी के लिए पूछताछ कर रही है। साथ ही, इनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या ये किसी अंतर-जिला गिरोह का हिस्सा हैं। मामले में आगामी जांच अभी जारी है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।