सोलन में सामाजिक समावेशन पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न

Photo of author

By Hills Post

सोलन: अतिरिक्त उपायुक्त सोलन दिव्यांशु सिंगल ने ‘सामाजिक समावेशन’ विषय पर आयोजित तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, स्वयं सहायता समूहों और ट्रांसजेंडर समुदाय को सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों की मुख्यधारा से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है।

दिव्यांशु सिंगल ने स्पष्ट किया कि सामाजिक समावेशन केवल सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति को सम्मान, समान अवसर, सक्रिय भागीदारी और आत्मनिर्भरता प्रदान करना इसका वास्तविक ध्येय है। उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण पर जोर देते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से उन्हें वित्तीय सेवाओं, कौशल विकास और स्वरोजगार से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सामुदायिक संसाधन व्यक्तियों (CRPs) से आह्वान किया कि वे शिविर में सीखे गए ज्ञान को गांव-गांव तक पहुँचाएँ, ताकि कोई भी वंचित व्यक्ति विकास की धारा से अछूता न रहे।

प्रशिक्षण सत्रों के दौरान प्रतिभागियों को कमजोर वर्गों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने तथा बैंक खाते, बचत, ऋण, बीमा व अन्य वित्तीय सेवाओं के माध्यम से वित्तीय समावेशन सुनिश्चित करने की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही आजीविका समावेशन के तहत कृषि, पशुपालन, गैर-कृषि कार्यों, खाद्य प्रसंस्करण और लघु व्यवसायों के जरिए आय के स्थायी साधन तैयार करने व सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से पात्र व्यक्तियों को जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।

इस तीन दिवसीय शिविर में जिला बिलासपुर और जिला सिरमौर के 56 सामुदायिक संसाधन व्यक्तियों ने भाग लिया। इस समापन अवसर पर राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रदेश परियोजना प्रबंधक ओम प्रकाश, जिला विकास अधिकारी रमेश शर्मा, जिला कार्यात्मक प्रबंधक बविता, खंड पर्यवेक्षक सुरेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।