सोलन: वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समाजसेवी अजय शर्मा को सिटी कांग्रेस सोलन का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही पार्टी ने उन्हें ट्रेड सेल की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सौंपी है। उनकी इस नियुक्ति से स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह और खुशी का माहौल है, और सभी ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी है।

अजय शर्मा वर्ष 1990 से कांग्रेस पार्टी के साथ लगातार सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं और सोलन शहर में संगठन को मजबूत करने में उनका अहम योगदान रहा है। पार्टी की विभिन्न गतिविधियों और सामाजिक कार्यों में उनकी हमेशा से सक्रिय भागीदारी रही है। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और लंबे राजनीतिक अनुभव को देखते हुए पार्टी आलाकमान ने उन्हें यह दायित्व सौंपा है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर अजय शर्मा ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनी राम शांडिल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार और सिटी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पुनीत शर्मा का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी के सच्चे सिपाही हैं और सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा, ईमानदारी व समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य प्रयास सोलन शहर में संगठन को और अधिक सुदृढ़ करना तथा कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना होगा।
ट्रेड सेल की जिम्मेदारी को लेकर उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से शहर के व्यापारियों और कारोबारियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा और व्यापारिक समुदाय व पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया जाएगा। राजनीतिक गतिविधियों के अलावा अजय शर्मा सामाजिक क्षेत्र में भी खासे सक्रिय हैं। वह रेड क्रॉस सोसायटी की मैनेजिंग कमेटी के सदस्य हैं तथा भारत सरकार के एनआईडीएम (NIDM) के माध्यम से देश भर में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में रिसोर्स पर्सन के रूप में अपनी सेवाएं देकर लोगों को प्रशिक्षित करते हैं। उनकी संगठनात्मक और सामाजिक सक्रियता से सोलन में पार्टी संगठन को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।