सोलन: इनरव्हील क्लब सोलन सिटी के स्थापना समारोह का आयोजन बड़े ही भव्य और उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपमंडलाधिकारी (SDM) सोलन श्रीमती नीरजा शर्मा ने शिरकत की, जबकि सोलन नगर निगम की मेयर श्रीमती सुषमा शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। समारोह में सोलन के विभिन्न इनरव्हील क्लबों के सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

समारोह के दौरान नव-निर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती चारु बंसल एवं सचिव डॉ. कंचन बी. जसवाल ने मुख्य अतिथि एस.डी.एम. नीरजा शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि मेयर सुषमा शर्मा का हिमाचली परंपरा के अनुसार हिमाचली टोपी और स्कार्फ पहनाकर भव्य स्वागत व सम्मान किया।
कार्यक्रम के दौरान क्लब की सदस्यता सूची का विस्तार करते हुए नए सदस्य का औपचारिक रूप से क्लब परिवार में स्वागत किया गया। इसके साथ ही क्लब द्वारा समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में पूर्ण की गई चार प्रमुख सफल परियोजनाओं की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि एस.डी.एम. सोलन श्रीमती नीरजा शर्मा ने इनरव्हील क्लब द्वारा किए जा रहे सामाजिक व कल्याणकारी कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की और प्रशासनिक स्तर पर हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
उन्होंने क्लब के सदस्यों से विशेष आग्रह करते हुए कहा कि आज सोलन और आसपास के क्षेत्रों में युवाओं को नशे के दलदल से बचाना बेहद आवश्यक है। इसके लिए उन्होंने क्लब को एंटी-चिट्टा अभियान चलाकर समाज और युवाओं के बीच नशा विरोधी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
यह आयोजन इनरव्हील क्लब सोलन सिटी के लिए जहां एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करने वाला रहा, वहीं समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक सशक्त कदम सिद्ध हुआ।