उद्योग मंत्री ने धारवा में स्कूल के कमरों का लोकार्पण और संपर्क मार्ग का किया शिलान्यास

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास कार्यक्रम के दौरान उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने आज ग्राम पंचायत धारवा में राजकीय प्राथमिक पाठशाला के लिए 14 लाख 50 हजार रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त कमरों का लोकार्पण किया।

इससे पूर्व उन्होंने धारवा-बडालानी संपर्क मार्ग के प्रथम चरण के सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास भी किया। प्रथम चरण में इस सड़क के सुदृढ़ीकरण कार्य पर 15 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी।

जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि धारवा-बडालानी संपर्क मार्ग के निर्माण उपरांत इस क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी, वहीं इन कमरों के माध्यम से विद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।

उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे तक समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सरकारी विद्यालयों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम की शुरुआत की गई है तथा शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रदेश के 150 सरकारी विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी राजकीय आदर्श डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित कर रही है। जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त शिक्षा उपलब्ध होगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भर रही है और विद्यालयों के शैक्षणिक ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में अध्यापकों के 90% प्रतिशत पद भरे जा चुके हैं।
उद्योग मंत्री ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र के विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे ये प्रयास आने वाले समय में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होंगे।

उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक और भर्ती अनियमितताओं के कई मामले सामने आए थे, जिससे युवाओं का विश्वास प्रभावित हुआ, परंतु वर्तमान सरकार ने सत्ता संभालते ही इन मामलों की गंभीर जांच करवाई, जवाबदेही तय की और संबंधित दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की गई।उद्योग मंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में राज्य चयन आयोग के माध्यम से भर्ती परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आयोजित की जा रही हैं। सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि युवाओं को योग्यता और मेरिट के आधार पर समान अवसर मिलें तथा सरकारी नौकरियों में पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता सुनिश्चित हो।

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विकास परियोजनाओं को चरणबद्ध ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि क्षेत्र के हर गांव तक आधुनिक आधारभूत सुविधाएं पहुंचें और लोगों को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध हो।उन्होंने कहा कि सड़कों के सुदृढ़ीकरण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, पेयजल योजनाओं के सशक्तीकरण पर बल दिया जा रहा है। इन कार्यों के लिए लगभग 400 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिसके अंतर्गत अधिकांश परियोजनाओं का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं के पूर्ण होने पर क्षेत्रवासियों को इनका प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।

इस दौरान उद्योग मंत्री ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनी क्षेत्रवासियों ने सामूहिक समस्याओं सहित व्यक्तिगत समस्याएं भी उनके समक्ष रखी। इसके अतिरिक्त क्षेत्रवासियों ने क्षेत्र से जुड़ी मांगें उनके समक्ष रखीं।उद्योग मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास और जनकल्याण से जुड़ी सभी उचित मांगों को प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाएगा।

उद्योग मंत्री ने धारवा में नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्य रोहित धीमान द्वारा आयोजित समारोह में भी शिरकत की।

इस अवसर पर अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, शिलाई ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कल्याण धामटा, निदेशक एसआईडीसी रमेश देसाईक, ओएसडी अत्तर राणा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश शर्मा, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति शिलाई पदम् प्रकाश, प्रधान धारवा रीना नेगी, एसएमसी अध्यक्ष संजू देवी, शिलाई जॉन अध्यक्ष गीता राम भंडारी, मस्त राम प्राशर, विद्यालय प्रभारी वीरेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।