नाहन : कच्चा टैंक स्थित प्रसिद्ध MES (एम.ई.एस.) मंदिर के मुख्य पुजारी और उनके सुपुत्र मनीष शर्मा के साझा निवास स्थान पर ‘शुकराना गुरु जी’ के चित्र (स्वरूप) से कथित रूप से शहद वर्षा होने का मामला सामने आया है। पुजारी जी के परिवार में हुई इस घटना के बाद से घर में भारी उत्साह है और आसपास के श्रद्धालुओं में कौतूहल का माहौल बना हुआ है।
घर की छोटी बच्ची अनाया शर्मा ने बताया कि सुबह जब उसने मंदिर कक्ष में रखे गुरु जी के स्वरूप को देखा, तो उसे गुरु जी की आंखों के पास से शहद जैसी बूंदें बहती हुई नजर आईं। अनाया ने तुरंत अपनी माता पूजा शर्मा को इस बात की जानकारी दी कि “गुरु जी की आंखों से शहद की वर्षा हो रही है।”

महिला पूजा शर्मा ने बताया कि वे लंबे समय से गुरु जी की अनन्य भक्त हैं। काफी समय से उनकी इच्छा थी कि गुरु जी का बड़ा स्वरूप उनके घर पर स्थापित हो, जो हाल ही में पूरा हुआ था। जब अनाया के बताने पर वे दौड़कर मंदिर कक्ष में पहुंचीं, तो गुरु जी के चित्र पर वास्तव में शहद की बूंदें छलकती हुई दिखाई दीं।
पूजा शर्मा ने भावुक होते हुए कहा कि गुरु जी ने उन्हें सपनों में दर्शन देकर अपने आगमन का संकेत दिया था और आज यह प्रत्यक्ष रूप देखकर उनकी आस्था और मजबूत हो गई है।
घर में गुरु जी के स्वरूप से शहद वर्षा की खबर जैसे ही रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को मिली, मनीष शर्मा के घर पर श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया। लोग इसे गुरु जी का प्रत्यक्ष चमत्कार और आशीर्वाद मानकर नमन कर रहे हैं।
डिसक्लेमर: हिल्स पोस्ट ऐसे किसी भी चमत्कारिक दावे की पुष्टि नहीं करता है और न ही समाज में किसी तरह के अंधविश्वास को बढ़ावा देने का समर्थन करता है। यह समाचार केवल स्थानीय लोगों के दावों और उनकी व्यक्तिगत आस्था पर आधारित है।