एल.आर. संस्थान सोलन में प्रांत स्तरीय राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता आयोजित

Photo of author

By Hills Post

सोलन: भारत विकास परिषद, हिमाचल प्रदेश (पूर्व) के तत्वावधान में एल.आर. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स, सोलन में एक दिवसीय प्रांत स्तरीय राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ भारत विकास परिषद उत्तर क्षेत्र-1 के क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव राकेश दत्ता ने किया। समारोह में परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष कर्नल अरुण कैंथला, प्रांतीय महासचिव दीप कुमार आर्या, प्रांतीय संगठन सचिव डॉ. रामगोपाल शर्मा और सोलन शाखा के अध्यक्ष डॉ. मुकेश प्रभाकर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में सोलन, सिरमौर और शिमला जिले की पांच शाखाओं का प्रतिनिधित्व करने वाले पांच विद्यालयों के दलों ने अपनी सुरीली एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां दीं। इन विद्यालयों में दयानंद पब्लिक स्कूल द माल शिमला, डिवाइन पब्लिक स्कूल माजरा (सिरमौर), डी.ए.वी. सन्नी साइड सोलन, ए.वी.एन. सीनियर सेकेंडरी स्कूल नाहन तथा बद्दी इंटरनेशनल स्कूल, बद्दी शामिल रहे। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद दयानंद पब्लिक स्कूल, द माल शिमला की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। डिवाइन पब्लिक स्कूल माजरा ने द्वितीय और डी.ए.वी. सन्नी साइड सोलन ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रथम स्थान पर रहने वाली दयानंद पब्लिक स्कूल की टीम अब मोगा में आयोजित होने वाली उत्तर क्षेत्र-1 की आगामी प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी।

कार्यक्रम की शुरुआत में प्रांतीय अध्यक्ष कर्नल अरुण कैंथला ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और गणमान्य लोगों का स्वागत करते हुए हिमाचल प्रदेश पूर्व द्वारा की जा रही सामाजिक गतिविधियों पर प्रकाश डाला। प्रांतीय संगठन सचिव डॉ. राम गोपाल शर्मा ने प्रतियोगिता के स्वरूप की जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन शाखा स्तर से शुरू होकर प्रांतीय, क्षेत्रीय और अंततः केंद्रीय स्तर तक आयोजित किया जाता है। वहीं, प्रांतीय महासचिव दीप कुमार आर्या ने परिषद के विभिन्न सेवा प्रकल्पों की विस्तृत जानकारी साझा की। मुख्य अतिथि राकेश दत्ता ने अपने संबोधन में बताया कि भारत विकास परिषद देश भर में सेवा, संस्कार, संपर्क, पर्यावरण संरक्षण और महिला सहभागिता के क्षेत्र में प्रमुखता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह संस्था प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों के बौद्धिक एवं नैतिक विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और उन्होंने इस शानदार आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल की भूमिका मीना केतन साहू, परल नानक तथा गौरव अत्री ने निभाई। समापन अवसर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को ट्रॉफी, मेडल तथा विशेष मेरिट प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उत्साहवर्धन के लिए सभी प्रतिभागियों को भी मेडल व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर नितिन, रमेश चंद चोपड़ा, दिनेश गोयल, बृज मोहन सरकेक, नरेश गुप्ता, दीपांजली शर्मा, डॉ. रजनी प्रभाकर, हरीश शर्मा, यशपाल शर्मा, देव व्रत यादव, आर.सी. भारद्वाज, श्रीकांत अकेला, चंद्रवीर भंडारी सहित विभिन्न पाठशालाओं से आए अध्यापक, अभिभावक और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।