नाहन: पीएम सूर्य घर योजना के तहत सब्सिडी, तकनीक और लोन के लिए विशेष शिविर आयोजित

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के परिचालन वृत्त नाहन द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रति उपभोक्ताओं को जागरूक करने तथा पात्र परिवारों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 13, 14 और 15 अक्तूबर, 2026 को तीन दिवसीय ‘सेवा सेतु’ जागरूकता एवं उपभोक्ता पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का आयोजन परिचालन सर्कल नाहन द्वारा किया जा रहा है।

उप मुख्य अभियंता, परिचालन वृत्त नाहन लोकेश ठाकुर ने बताया कि विद्युत भवन, शिमला के मुख्य अभियंता (प्रशासन) के निर्देशों के अनुसार इन शिविरों का उद्देश्य उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभों से अवगत करवाना, पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाना तथा योजना से संबंधित तकनीकी एवं वित्तीय जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाना है।

शिविरों में उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए चार विशेष सहायता डेस्क स्थापित किए जाएंगे। इनमें उपभोक्ता पंजीकरण डेस्क के माध्यम से उपभोक्ताओं को योजना के राष्ट्रीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन एवं पंजीकरण में सहायता प्रदान की जाएगी। संबद्ध विक्रेता डेस्क पर सरकार द्वारा अधिकृत सोलर कंपनियों के प्रतिनिधि उपलब्ध रहेंगे, जहां उपभोक्ता अपनी छत की क्षमता के अनुसार सोलर पैनल का आकार (1 किलोवाट, 2 किलोवाट, 3 किलोवाट या अधिक), लागत, उपकरणों की वारंटी तथा नेट-मीटरिंग से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

इसी प्रकार, बैंकिंग ऋण सहायता डेस्क पर प्रमुख सरकारी बैंकों के प्रतिनिधि उपलब्ध रहेंगे। यहां योजना के तहत दो लाख रुपये तक के सोलर ऋण पर 5.75 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर से संबंधित जानकारी दी जाएगी। पात्र उपभोक्ताओं को बिना किसी अतिरिक्त गारंटी के ऋण सुविधा प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई जाएगी। वहीं, योजना परामर्श डेस्क के माध्यम से उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी, पात्रता नियमों तथा नेट-मीटरिंग प्रक्रिया के बारे में विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा।

विद्युत बोर्ड ने नाहन शहर एवं आसपास के सभी घरेलू बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 13 से 15 अक्तूबर तक प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित इन शिविरों में भाग लें। उपभोक्ता अपने नवीनतम बिजली बिल तथा आधार कार्ड के साथ पहुंचकर योजना की जानकारी प्राप्त करने और पंजीकरण प्रक्रिया में सहायता लेने का लाभ उठा सकते हैं।

इन शिविरों के माध्यम से उपभोक्ताओं को स्वच्छ ऊर्जा अपनाने, बिजली खर्च में संभावित बचत करने तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।