सोलन: जिला पुलिस की विशेष जांच टीम ने सनवारा क्षेत्र में एक सलेरियो गाड़ी से 10.65 ग्राम चिट्टा बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस मामले में गाड़ी में सवार तीन युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार SIU सोलन की टीम को क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी के संबंध में एक ठोस गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सनवारा के समीप मुख्य मार्ग पर रणनीतिक नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान जब एक संदिग्ध सलेरियो गाड़ी को रोककर नियमानुसार उसकी गहन तलाशी ली गई, तो गाड़ी में सवार तीन युवकों के कब्जे से 10.65 ग्राम अवैध चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। मामले में गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों की पहचान वीरेंदर कुमार उर्फ़ तनु (उम्र 31 वर्ष), पुत्र स्व० श्री हेम चाँद, निवासी गाँव न्यू कथेड, तहसील व जिला सोलन, दीपक (उम्र 25 वर्ष), पुत्र श्री गोविन्द, निवासी न्यू कथेड, तहसील व जिला सोलन तथा अजय कुमार (उम्र 35 वर्ष), पुत्र श्री इश्वर दत्त, निवासी गाँव फ्लाई (डाकखाना दामकड़ी), तहसील व जिला सोलन के रूप में हुई है।
नशीला पदार्थ बरामद होते ही पुलिस टीम ने NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में पुलिस थाना धर्मपुर में मामला पंजीकृत किया गया है।
पुलिस ने नशे की तस्करी में इस्तेमाल की गई सलेरियो कार को पुलिस ने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें 05 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर भेजने के आदेश दिए हैं।
फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे यह चिट्टा कहां से लाए थे और सोलन में इसे किसे सप्लाई करने वाले थे। इसके साथ ही, जिला पुलिस तीनों आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी गहनता से पड़ताल कर रही है। मामले में आगे की कानूनी जांच जारी है।