रोहतक : मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने केन्द्र सरकार से धान की खरीद पर 100 रूपए प्रति क्विंटल बोनस देने की मांग की है। श्री हुड्डा आज रोहतक में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उनका हमेशा ही यह प्रयास रहा है कि किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम मिलें। श्री हुड्डा ने यह भी कहा कि कांग्रेस की वर्तमान सरकार के सत्ता में आने के बाद से लगातार किसानों की फसलों के दामों में वृद्धि की है। मुख्यमंत्री ने देश व प्रदेश के लोगों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं भी दी और कहा है कि यह त्यौहार लोगों के जीवन में खुशियां लेकर आए।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि धान की खरीद पर बोनस देने के लिए उन्होंने केन्द्र सरकार को एक पत्र लिखा है और मांग की है कि धान उत्पादक किसानों को समर्थन मूल्य के अलावा 100 रूपए प्रति क्विंटल के हिसाब से बोनस दिया जाए। उन्होंने कहा कि वे भी एक किसान परिवार से संबंध रखते है और उन्हें किसानों की एक-एक समस्या की जानकारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने किसानों का जीवन स्तर ऊंचा उठाने के लिए अनेक नई नीतियों का निर्माण करके उन्हें क्रियान्वित किया है। उन्होंने कहा कि यह भी रिकार्ड की बात है कि किसानों को फसलों का जितना भाव अब मिल रहा है मूल्य में उतनी वृद्धि पहले कभी नहीं हुई।

पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि धान की खरीद के लिए मंडियों में व्यापक बंदोबस्त किए गए है और इस बारे में अधिकारियों को भी दिशा-निर्देश जारी करके कहा गया है कि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। श्री हुड़्डा ने कहा कि एक अक्तूबर से धान की खरीद की जा रही है और अब तक 10 लाख टन धान खरीदा जा चुका है। उन्होंने कहा कि यह किसानों की मेहनत का ही परिणाम है कि हरियाणा राज्य देश में बासमती चावल का सबसे बड़ा निर्यातक प्रदेश है।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि किसानों को लाभ पहुंचाने के उददेश्य से विभिन्न फसलों के प्रमाणित बीजों पर उन्हें अनुदान भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धान, गेंहू, जौ व बाजरा के प्रमाणित बीजों पर 500 रूपए प्रति क्विंटल, कपास पर बाजार मूल्य के 25 प्रतिशत या 600 रूपए प्रति क्विंटल तथा दलहन व तिलहन पर 1200 रूपए प्रति क्विंटल की दर से अनुदान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने किसानों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार हर उस कार्य को करने के लिए तैयार है जो किसानों के लिए लाभकारी हो। श्री हुड्डा ने इससे पहले सिंचाई विश्राम गृह में लोगों की शिकायतें सुनी और अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। मुख्यमंत्री अपने छोटे भाई धर्मेंद्र हुड्डा का कुशलक्षेम जानने के लिए पीजीआईएमएस रोहतक भी गए।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version