नाहन: आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रवि शंकर जी का 70वां जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया

नाहन: आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक और वैश्विक आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रवि शंकर जी का 70वां जन्म दिवस आज नाहन सहित पूरे प्रदेश में बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। एसोसिएशन के 45 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में इस बार का आयोजन बेहद खास रहा। आर्ट ऑफ लिविंग सिरमौर की मीडिया समन्वयक शैलजा पुरी ने बताया कि यह दिन न केवल गुरुदेव के जन्म का उत्सव है, बल्कि मानवता और शांति की दिशा में संस्था के दशकों लंबे सफर का भी प्रतीक है।

इस अवसर पर आयोजित विशेष सत्र के दौरान भजन-कीर्तन और गुरु पूजा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। शैलजा पुरी ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि मुख्य समारोह 10 तारीख को बेंगलुरु स्थित आश्रम में आयोजित किया गया था, जहाँ देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिरकत की। प्रधानमंत्री ने वहां एक विशाल ध्यान मंदिर का उद्घाटन भी किया, जहाँ हजारों लोग एक साथ बैठकर ध्यान साधना कर सकेंगे।

नाहन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु भक्ति में डूबे नजर आए। शैलजा पुरी ने कहा कि हर साल गुरुदेव का जन्मदिन मनाया जाता है, लेकिन 70वें वर्ष का यह पड़ाव हमारे लिए अत्यंत विशेष है। श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला लगातार जारी है और सभी अपनी अटूट श्रद्धा प्रकट कर रहे हैं। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य गुरुदेव के शांति और सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।