नाहन के मातर में नदी-खाले के उफान से टापू बने दो स्कूल, 52 मासूमों सहित 12 शिक्षक फंसे

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : आज सुबह से हो रही मूसलाधार और तेज बारिश के कारण सिरमौर जिले के नाहन अंतर्गत मातर में स्थिति बेहद चिंताजनक बन गई है। स्कूल के ठीक सामने बहती नदी के उफान और दूसरी ओर जंगल की तरफ से आने वाले तेज पहाड़ी खाले (नाले) के कारण पूरा परिसर चारों तरफ से पानी से घिर चुका है। दोनों ओर से आ रहे पानी के तेज बहाव के कारण स्कूल पूरी तरह से टापू में तब्दील हो गया है, जिससे बाहर निकलने के सभी रास्ते पूरी तरह बंद हो चुके हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मातर में 31 विद्यार्थी और 10 स्टाफ सदस्य मौजूद हैं। इसके साथ ही, ऊपर स्थित प्राथमिक विद्यालय में भी 21 छोटे बच्चे और 2 स्टाफ सदस्य फंसे हुए हैं। इस प्रकार कुल मिलाकर 52 विद्यार्थियों और 12 स्टाफ सदस्यों की सुरक्षा को लेकर भारी चिंता बनी हुई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जिला उपायुक्त महोदया को पूरी स्थिति से अवगत करा दिया गया है। आपातकालीन स्थिति से निपटने और फंसे हुए बच्चों व स्टाफ को सुरक्षित निकालने के लिए प्रशासन द्वारा NDRF का नंबर जारी कर दिया गया है।

DC सिरमौर प्रियंका वर्मा ने ‘हिल्स पोस्ट’ से बात करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है और स्थिति पर लगातार नज़र रखी जा रही है। उन्होंने कहा, “घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव टीमों को मौके के लिए रवाना कर दिया गया है और टीम जल्द ही स्कूल परिसर तक पहुँच रही है।”

DC महोदया ने बताया कि बच्चों और स्टाफ सदस्यों की सुरक्षा हमारी सबसे पहली प्राथमिकता है। NDRF और स्थानीय प्रशासनिक टीमों को तैनात कर दिया गया है। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और सभी बच्चों व अध्यापकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तेज़ी से कदम उठाए जा रहे हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।