नाहन : शहर के वार्ड नंबर 5, अमरपुर मोहल्ला में शिवपुरी मंदिर के पास लंबे समय से लंबित पड़ी पार्क की मांग अब धरातल पर उतरने लगी है। क्षेत्रवासियों की इस पुरानी समस्या का समाधान करते हुए पार्क के विकास कार्य का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया है। निर्माण कार्य शुरू होते ही स्थानीय निवासियों और बच्चों में भारी उत्साह और खुशी का माहौल है।
वार्ड नंबर 5 की समीना खान ने इस जनहित कार्य को हरी झंडी मिलने पर स्थानीय विधायक अजय सोलंकी का विशेष रूप से धन्यवाद व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि विधायक के व्यक्तिगत प्रयासों और दृढ़ नेतृत्व के कारण ही पार्क के निर्माण के लिए आवश्यक बजट और वित्तीय स्वीकृति संभव हो पाई है। स्वीकृति के तुरंत बाद जिला परिषद के माध्यम से निर्माण प्रक्रिया को गति प्रदान कर कार्य शुरू करवा दिया गया है।

समीना खान ने कहा कि यह केवल एक पार्क का निर्माण नहीं है, बल्कि अमरपुर मोहल्ला के निवासियों की वर्षों पुरानी मांग का ठोस समाधान है। पार्क बनने से जहां बुजुर्गों के टहलने और बच्चों के खेलने के लिए एक सुरक्षित स्थान उपलब्ध होगा, वहीं आसपास के वातावरण में भी स्वच्छता और सुंदरता बढ़ेगी।
समीना खान ने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा, जनता की समस्या हमारी जिम्मेदारी है, और इसके समाधान के लिए हमारी आवाज़ लगातार उठती रहेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि वार्ड नंबर 5 की हर जायज़ और जनहित से जुड़ी समस्या को प्राथमिकता के आधार पर प्रशासन और विधायक के समक्ष उठाया जाएगा, ताकि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हो सके।