नाहन: नेहली धीड़ा में गरमाया स्टोन क्रशर का मुद्दा, ग्रामीणों ने एडीसी को सौंपा ज्ञापन

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : विकास खंड नाहन की ग्राम पंचायत नेहली धीड़ा के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का एक शिष्टमंडल अतिरिक्त उपायुक्त सिरमौर एकता काप्टा से मिला। शिष्टमंडल ने पंचायत क्षेत्र में प्रस्तावित स्टोन क्रशर के निर्माण और बारिश के कारण हो रहे भारी भूमि कटाव को लेकर एक ज्ञापन सौंपा, जिस पर तुरंत उचित कार्रवाई की मांग की गई है।

ग्राम पंचायत नेहली धीड़ा के तहत आने वाले गांवों काटल, बेरिया, मंडलाहां, जलाड़ा, चाकली, खरक, फफड़ाहू और नेहली के निवासियों ने क्रशर निर्माण पर सख्त आपत्ति जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि स्टोन क्रशर शुरू होने से क्षेत्र में भारी प्रदूषण फैलेगा, जिससे पर्यावरण, फसलों और मवेशियों के चारे को नुकसान पहुंचेगा।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्रशर मालिक ने स्थानीय लोगों से कोई बातचीत नहीं की और न ही कोई अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) लिया है। ग्राम सभा ने सर्वसम्मति से मांग उठाई है कि यदि पंचायत द्वारा पूर्व में क्रशर हेतु कोई NOC जारी की भी गई है, तो उसका खंडन किया जाए और इस कार्य को तुरंत बंद किया जाए। इसके साथ ही उपायुक्त सिरमौर, खनन अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और विद्युत विभाग से क्रशर का कार्य तुरंत बंद करवाने की मांग की गई है।

ग्रामीणों ने बताया कि कटाव वाले स्थान के ठीक नीचे 4 रिहाइशी मकान स्थित हैं, जिन पर लगातार कटाव के कारण गंभीर खतरा बना हुआ है। पिछले वर्ष में लोक निर्माण विभाग को बार-बार सूचित करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

इसके अलावा, नाहन-श्री रेणुकाजी मार्ग पर भारी वर्षा और जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण लगातार भूमि कटाव हो रहा है। सड़क का मलबा और पानी सीधे निजी भूमि में घुस रहा है, जिसके चलते नीचे बने चार रिहाइशी मकानों पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। पंचायत ने मांग की है कि राजस्व विभाग से नुकसान का आकलन करवाकर प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाया जाए और मौके पर सुरक्षात्मक कार्य करवाए जाएं।

इस शिष्टमंडल में उपप्रधान वीरेंद्र सिंह, वार्ड सदस्य सीमा व नितेश, पूर्व वार्ड सदस्य रमेश कुमार व सुरेंद्र सिंह, तथा पूर्व प्रधान हरि सिंह ठाकुर सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। अतिरिक्त उपायुक्त ने शिष्टमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को उचित कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।