नाहन : माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग, नाहन की छात्राओं ने बी.एससी. नर्सिंग 5वें सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया है। महाविद्यालय की छात्राओं ने न केवल कॉलेज स्तर पर प्रथम चार स्थानों पर कब्जा जमाया, बल्कि अटल मेडिकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी की राज्य स्तरीय टॉप-10 मेरिट सूची में भी चार स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
परिणाम के अनुसार अंजलि (पुत्री सतदेव) ने 9.27 SGPA प्राप्त कर कॉलेज में पहला स्थान हासिल किया, वहीं AMRU विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में भी द्वितीय स्थान पाया। सबा बेग (पुत्री शाहीन बेग) ने 8.73 SGPA के साथ कॉलेज में दूसरा तथा AMRU में पाँचवां स्थान हासिल किया। इसके अलावा वैभवी (पुत्री यशपाल सिंह) 8.27 SGPA के साथ कॉलेज में तीसरे व विश्वविद्यालय में नौवें स्थान पर रहीं, जबकि नेहा गुप्ता (पुत्री विनोद कुमार) ने 8.18 SGPA प्राप्त कर कॉलेज में चौथा और विश्वविद्यालय में दसवां स्थान अर्जित किया।

संस्थान प्रबंधन ने इस शानदार सफलता का श्रेय छात्राओं की कड़ी मेहनत, लगन और समर्पित शिक्षकगण के उत्कृष्ट मार्गदर्शन को दिया है। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार यहाँ विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक और क्लिनिकल प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जिससे छात्राएं पेशेवर दक्षता हासिल कर उच्च परिणाम दर्ज करवा रही हैं।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर महाविद्यालय के चेयरमैन अनिल जैन, सचिव सचिन जैन तथा प्राचार्या रिजी गीवरगीस ने सभी मेधावी छात्राओं, उनके अभिभावकों और अध्यापकों को बधाई दी। चेयरमैन अनिल जैन ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता ही संस्थान का असली गौरव है। सचिव सचिन जैन और प्राचार्या रिजी गीवरगीस ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आश्वस्त किया कि संस्थान भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।