नाहन : सिरमौर जिले के गुरु की नगरी पांवटा साहिब स्थित विश्वकर्मा चौक पर शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ सड़क पार कर रहे एक अज्ञात पैदल व्यक्ति को चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग की बस ने ज़ोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा शाम लगभग 4:00 बजे के आसपास पेश आया। दुर्घटना में व्यक्ति को बेहद गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के तुरंत बाद 108 एंबुलेंस और बस के परिचालक की मदद से घायल को तुरंत उपचार के लिए ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, तलाशी लेने पर घायल व्यक्ति की जेब से कोई भी कागज़ात, पहचान पत्र या मोबाइल फोन बरामद नहीं हुआ है, जिसके कारण फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से अज्ञात व्यक्ति की शिनाख्त करने में जुटी हुई है।

हादसे के बाद घायल को पहले पांवटा साहिब से डॉ. वाई.एस. परमार गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, नाहन पहुँचाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया है।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।