नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर मुख्यालय नाहन में मारपीट और हमले की एक गंभीर वारदात सामने आई है। वाल्मीकि बस्ती निवासी एक युवक पर कॉलेज से घर लौटते समय कुछ युवकों ने रास्ते में गाड़ी रोककर लोहे की रॉड, डंडों और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के संबंध में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस थाना नाहन में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस को दी शिकायत में अमन सोढ़ी पुत्र पवन कुमार (वाल्मीकि बस्ती, नाहन) ने बताया कि बीते कल जब दोपहर के समय वह कॉलेज से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने उसकी कार को जबरन रोक लिया। कार रुकते ही आरोपियों ने उससे कहासुनी शुरू कर दी और देखते ही देखते गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। हमलावरों ने लोहे की रॉड, डंडे, मुक्के, कड़े और पत्थरों से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसे काफी गंभीर चोटें आई हैं। आरोपियों ने जाते-जाते उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

शिकायतकर्ता ने मारपीट करने वाले समूह में से तीन युवकों की पहचान मावी (अंकित), भास्कर गुर्जर और हर्ष के रूप में की है। इसके अलावा मौके पर 7 से 8 अन्य युवक भी मौजूद थे, जिन्होंने इस वारदात को अंजाम देने में उनका साथ दिया।
मामले की पुष्टि करते हुए सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों और अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ पुलिस थाना नाहन में सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगामी तफ़तीश और अन्वेषण कर रही है, तथा घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान व तलाश जारी है।