नाहन में 6.16 ग्राम चिट्टा और 500 नशीले कैप्सूल-टैबलेट के साथ तस्कर गिरफ्तार

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डिडक्शन सेल नाहन की पुलिस टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने 28 सितंबर 2026 को कार्रवाई करते हुए 6.16 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और भारी मात्रा में नशीली दवाइयों के साथ एक व्यक्ति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, डिडक्शन सेल की टीम गश्त के दौरान जब नाहन-कालाअम्ब दो सड़का के पास मौजूद थी, तो उन्हें गुप्त सूचना मिली कि काबल कुमार (पुत्र प्रेमपाल), निवासी गांव ओलीवाला कोटड़ी (डाकघर व तहसील नाहन, जिला सिरमौर), जो लंबे समय से नाहन शहर में नशीली दवाइयों और चिट्टे की तस्करी में संलिप्त है, हरियाणा से नशे की खेप लेकर कंगनीवाला नेचर पार्क कैफे के पास बैठा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी की घेराबंदी की और उसे धर दबोचा।

आरोपी की तलाशी लेने पर पुलिस टीम ने उसके कब्जे से 6.16 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया। इसके अलावा आरोपी से ‘PREGABALIN CAPSULES IP’ के कुल 300 कैप्सूल और ‘Tapentadol’ की कुल 200 टैबलेट्स भी बरामद की गईं। आरोपी के खिलाफ नाहन पुलिस थाना में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपी को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से अदालत ने उसे 3 दिन के लिए पुलिस रिमांड में भेज दिया है। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह नशीले पदार्थ हरियाणा में कहां से लाया था और नाहन में किन-किन लोगों को सप्लाई करने वाला था। मामले में आगे की जांच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।