पीएम श्री स्कूल डगशाई में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला के पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डगशाई में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व छात्र व समाजसेवी नवीन सूद तथा भूतपूर्व सैनिक रूप लाल ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। वहीं, अन्हेच पंचायत के पूर्व प्रधान मोहनलाल कंवर, बड़ोग पंचायत के पूर्व उपप्रधान गुरुदेव शर्मा, वेलफेयर सोसाइटी डगशाई की अध्यक्ष तृप्ता डोगरा तथा सुषमा थापर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देने के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों ने स्काउट एवं एनसीसी दल के भव्य मार्च-पास्ट का निरीक्षण कर सलामी ली। समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने मनमोहक देशभक्ति गीत, समूहगान और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

मुख्य अतिथि नवीन सूद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासन अपनाने, नशे की बुराई से दूर रहने और कड़ी मेहनत से लक्ष्य प्राप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों का मन कच्ची मिट्टी की तरह होता है, जिसे शिक्षक सही आकार देकर एक आदर्श नागरिक बनाते हैं। इसलिए विद्यार्थियों को सदैव शिक्षकों का सम्मान और उनके मार्गदर्शन का अनुसरण करना चाहिए।

विद्यालय के वाइस प्रिंसिपल चंद्रदेव ठाकुर ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यालय के समस्त स्टाफ तथा ईको क्लब प्रभारी भूपेंद्र शर्मा के प्रयासों की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने क्लस्टर परिसर के उदयपुर, कुमारहट्टी और डगशाई क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे शिक्षकों का भी धन्यवाद किया।

एनसीसी अधिकारी (एएनओ) अंजना ठाकुर ने जानकारी दी कि स्वतंत्रता दिवस की परेड में 49 एनसीसी कैडेट्स ने पूरे अनुशासन और देशभक्ति के साथ भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। समारोह का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।