नाहन : मेडिकल कॉलेज में सुविधाओं की कमी से जूझ रहे मरीजों और उनके देखभाल करने वालों के लिए राहत की खबर है।। अंजुमन इस्लामिया के अध्यक्ष बॉबी अहमद के एक विशेष आग्रह पर नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने अस्पताल परिसर का दौरा किया। बॉबी अहमद ने विधायक को अस्पताल में मरीजों को पेश आ रही छोटी-मोटी लेकिन गंभीर समस्याओं से अवगत करवाया था, जिसके तुरंत बाद विधायक अजय सोलंकी मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल के साथ मौके पर पहुंच गए और व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने पाया कि अस्पताल में एक वार्ड से दूसरे वार्ड तक मरीजों को ले जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से ऑपरेशन थिएटर से चिल्ड्रन वार्ड तक व्हीलचेयर और स्ट्रेचर ले जाने के लिए उचित मार्ग की कमी और खुले रास्ते के कारण बारिश के समय मरीजों को होने वाली असुविधा को उन्होंने स्वयं महसूस किया। इसके अलावा, इमरजेंसी से स्पेशल वार्ड की तरफ जाने वाले रास्ते की संकीर्णता और ऊबड़-खाबड़ स्थिति पर भी उन्होंने संज्ञान लिया, जिससे गंभीर मरीजों की शिफ्टिंग के दौरान काफी परेशानी होती है।

विधायक अजय सोलंकी ने इन सभी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का आश्वासन दिया है। विधायक ने वादा किया है कि चुनाव के तुरंत बाद इन सुधारों को लागू कर दिया जाएगा। इसमें ऑपरेशन थिएटर से चिल्ड्रन वार्ड के मार्ग पर बारिश से बचाव के लिए शेड का निर्माण, और इमरजेंसी से स्पेशल वार्ड के लिए 4 फीट चौड़ा एक सुगम व प्लेन रास्ता तैयार करना शामिल है।
विधायक ने स्पष्ट किया कि मरीजों की सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार उनकी सरकार की मुख्य प्राथमिकताओं में से एक है और इन छोटे लेकिन महत्वपूर्ण बदलावों से नाहन और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।