नाहन मेडिकल कॉलेज में मंडी की महिला के लिए देवदूत बने धर्मेंद्र, किया दुर्लभ AB नेगेटिव रक्तदान

नाहन : ‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी’ सिरमौर के सदस्यों ने एक बार फिर आपातकाल की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देकर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की है। सोसाइटी के सदस्य धर्मेंद्र ने डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचकर एक महिला मरीज के लिए अत्यंत दुर्लभ ‘AB नेगेटिव’ (AB-) रक्त डोनेट किया।

जानकारी के अनुसार, जिला मंडी की तहसील करसोग के गांव बाग की रहने वाली एक महिला मरीज वर्तमान में कालाअंब में रहती हैं। वह नाहन मेडिकल कॉलेज के महिला वार्ड में उपचाराधीन हैं, जहां उनका पथरी का ऑपरेशन होना है। ऑपरेशन से पहले मरीज का हीमोग्लोबिन स्तर महज 6 ग्राम पाया गया, जिसके चलते उन्हें तुरंत रक्त चढ़ाने की सख्त जरूरत थी। दुर्लभ ब्लड ग्रुप होने के कारण परिवार को रक्त जुटाने में मुश्किल आ रही थी।

जैसे ही इस अत्यंत आपातकालीन स्थिति की सूचना ‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी’ के अध्यक्ष ईशान राव को मिली, उन्होंने तुरंत अपनी टीम से संपर्क साधा। सोसाइटी के सक्रिय सदस्य धर्मेंद्र, जो वर्तमान में न्यायालय के डीएलएसए (DLSA) विभाग में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं, को जैसे ही इसकी जानकारी मिली, वे तुरंत अपने कार्यस्थल से निकलकर नाहन ब्लड बैंक पहुंचे और रक्तदान कर मरीज की सहायता की।

अध्यक्ष ईशान राव सहित पूरी सोसाइटी ने धर्मेंद्र के इस त्वरित और निस्वार्थ कदम की सराहना की है। ड्यूटी के बीच समय निकालकर एक अनजान मरीज की मदद के लिए आगे आना समाज के लिए बेहद प्रेरणादायक है। ‘Hills Post’ भी इस नेक कार्य के लिए ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी और धर्मेंद्र जी के जज्बे को सलाम करता है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।