नाहन: यूथ फेस्ट 2026 में AVN स्कूल ने लहराया परचम, रेड रिबन क्विज़ में पाया पहला स्थान

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय नाहन के तत्वावधान में आयोजित ‘यूथ फेस्ट 2026’ और ‘रेड रिबन डे’ के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को HIV/AIDS के प्रति जागरूक करना और स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी का प्रसार करना था।

इस जिला स्तरीय मुकाबले में क्षेत्र के प्रमुख विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया, जिनमें एवीएन स्कूल नाहन, एसवीएन स्कूल, अरिहंत स्कूल नाहन, करियर एकेडमी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र विद्यालय और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या विद्यालय नाहन शामिल रहे। सभी प्रतिभागियों के बीच ज्ञान और जागरूकता को लेकर कड़ा मुकाबला देखने को मिला।

कड़े मुकाबले में एवीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल नाहन के होनहार विद्यार्थियों विवान और सौम्य की जोड़ी ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता बनने पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीम को ₹3,000 की नकद पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

एवीएन स्कूल के प्रधानाचार्य के. के. चंदोला ने विजेता छात्रों विवान और सौम्य के साथ-साथ उनके गाइड अध्यापक तुषार चौहान को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सभी प्रतिभागी टीमों के प्रदर्शन की सराहना की और युवाओं से समाज में स्वास्थ्य एवं HIV/AIDS के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।