सोलन-राजगढ़ मार्ग पर 50 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो जीप, पति-पत्नी घायल

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सोलन-राजगढ़ मार्ग पर शनिवार दोपहर जूनियो गांव के पास एक जीप हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के मुताबिक, बोलेरो गाड़ी बेकाबू होकर सड़क से लगभग 50 मीटर नीचे ढलान में जा गिरी। इस घटना में वाहन में सवार पति-पत्नी को चोटें आई हैं। हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दोनों को खाई से बाहर निकालकर राजगढ़ अस्पताल पहुंचाया।

बताया जा रहा है कि घंडुरी निवासी सुरेंद्र (50) अपनी पत्नी रीना (47) के साथ बोलेरो (HP 71A-2005) से शनिवार दोपहर बाद करीब ढाई बजे अपने घर लौट रहे थे। जूनियो के पास पहुंचते ही वाहन पर चालक का नियंत्रण नहीं रहा और गाड़ी नीचे लुढ़क गई।

हादसे की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने तत्परता दिखाई और खाई में उतरकर दोनों घायलों को सुरक्षित सड़क पर लाए। राजगढ़ नागरिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों को सोलन अस्पताल रेफर कर दिया।

पुलिस ने भी घटनास्थल से जुड़ी जानकारी जुटाकर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी वी.सी. नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों घायलों को सोलन भेजा गया है, वे बातचीत कर रहे हैं और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed