नाहन: किताबी ज्ञान से आगे, AVN स्कूल के छात्रों ने जाना कैसे बनती है पानी से बिजली

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : स्थानीय ए.वी.एन. सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्राकृतिक संरक्षण क्लब ‘आदर्श मोनाल इको क्लब’ से जुड़े लगभग 125 विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस भ्रमण के तहत विद्यार्थियों को जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण संस्थानों और ऐतिहासिक व वैज्ञानिक स्थलों का दौरा करवाया गया, जहां उन्होंने व्यावहारिक और ज्ञानवर्धक जानकारियां हासिल कीं।

विद्यालय के संस्थापक एवं प्रधानाचार्य के. के. चंदोला ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इस शैक्षणिक यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था। भ्रमण के पहले चरण में विद्यार्थियों ने धौलाकुआं स्थित गिरीनगर पावर प्रोजेक्ट का दौरा किया, जहां उन्होंने जल ऊर्जा के महत्व और पानी से बिजली उत्पादन की तकनीकी बारीकियों को करीब से समझा।

इसके पश्चात विद्यार्थियों का दल प्रतिष्ठित संस्थान आई.आई.एम. सिरमौर पहुंचा, जहां उन्हें उच्च शिक्षा और विभिन्न प्रबंधन (मैनेजमेंट) प्रणालियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों से रूबरू करवाया गया। भ्रमण के अंतिम चरण में विद्यार्थियों ने विक्रम बाग स्थित सुकेती फॉसिल पार्क का अवलोकन किया। यहां इको क्लब के सदस्यों ने प्राचीन जीवाश्मों (फॉसिल्स) और विभिन्न मॉडलों के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध जैवविविधता और प्रागैतिहासिक काल का ज्ञान अर्जित किया।

इस संपूर्ण शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम का सफल संचालन एवं निर्देशन इको क्लब के श्रीकांत तथा सह-प्रभारी राकेश कुमार, दिनेश भारद्वाज, मंजीत परमार और सपना के मार्गदर्शन में किया गया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed