नाहन: योग चैंपियंस का रुखड़ी क्लब में सम्मान, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिनेश चौधरी ने बढ़ाया हौसला

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन: जिला मुख्यालय नाहन में संपन्न हुई जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता में ट्रॉफी पर कब्जा जमाने और राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले ‘शहीद कमल कांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटड़ी व्यास’ के खिलाड़ियों के सम्मान में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। यह भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह ‘वाटर स्पोर्ट्स क्लब रुखड़ी’ के इंचार्ज और अंतरराष्ट्रीय सेलिंग खिलाड़ी दिनेश चौधरी द्वारा आयोजित किया गया।

दिनेश चौधरी ने अपने केंद्र पर सभी विजेता खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और खेल के प्रति उनके समर्पण की जमकर सराहना की। इस खास मौके पर उन्होंने राष्ट्रीय योग खिलाड़ी व कोटड़ी व्यास की ‘योग एंबेसडर’ अंशिका के साथ-साथ जिला विजेता खिलाड़ियों—प्रीतिका, कंचन और नैना का मनोबल बढ़ाने के लिए उन्हें क्लब की विभिन्न बोट्स में बैठाकर बोटिंग (नौकायन) का रोमांचक अनुभव कराया।

इसके बाद खिलाड़ियों के मनोरंजन और उत्साहवर्धन के लिए होटल ‘जय क्लार्क एक्सटिया’ के स्विमिंग पूल में विशेष अवसर प्रदान किया गया और एक शानदार टी-पार्टी का आयोजन भी हुआ। दिनेश चौधरी ने खिलाड़ियों को जीत की बधाई देते हुए भविष्य में भी हर संभव सहायता और मार्गदर्शन का भरोसा दिलाया।

इस भव्य सत्कार से गदगद खिलाड़ियों (अंशिका, प्रीतिका, कंचन व नैना) और एस्कॉर्ट टीचर सुस्मिता ने दिनेश चौधरी का दिल से आभार व्यक्त किया। खिलाड़ियों ने कहा कि रुखड़ी क्लब में मिले इस स्नेह और सम्मान से उनका हौसला दोगुना हुआ है और इससे खेल के प्रति उनका जुनून और बढ़ेगा।

इस दौरान दिनेश चौधरी ने कहा कि कोटड़ी व्यास स्कूल राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर पर लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है, जिसके लिए खिलाड़ी, उनके अभिभावक और कोच बधाई के पात्र हैं।

स्कूल के शारीरिक शिक्षक धर्मेंद्र चौधरी ने दिनेश चौधरी का धन्यवाद करते हुए कहा, “खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन और उन्हें प्रेरित करने के लिए उनका यह सहयोग, स्नेह और अपनापन बेहद अनमोल है। उनका यह सम्मान खिलाड़ियों को जीवन में हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।”

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।